आधार लेकर पहुंचें, पांच लाख रुपये तक के उपचार की मिलेगी स्वास्थ्य सुरक्षा
बलिया। जिले के 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए राहत भरी खबर है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब पात्र बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड जिलाधिकारी कार्यालय में विशेष कैंप लगाकर बनाए जाएंगे। जिला प्रशासन की पहल से बुजुर्गों को कार्ड बनवाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि भारत सरकार की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक बुजुर्ग को, उनकी आय की परवाह किए बिना, पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में बुजुर्गों की सुविधा को देखते हुए जिलाधिकारी कार्यालय में विशेष कैंप शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र बुजुर्ग अपना आधार कार्ड लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। कार्ड बनने के बाद लाभार्थी को देशभर में योजना से संबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में निर्धारित सीमा तक उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा का लाभ उठाते हुए अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। जिला प्रशासन की ओर से बुजुर्गों से समय से कैंप में पहुंचकर कार्ड बनवाने का आग्रह किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें उपचार के लिए आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।


