बलिया : ग्राम जगदेवा पहुंचे डीएम, 50 बाढ़ पीड़ितों में बांटी बाढ़ राहत सामग्री


*लापरवाही पर लेखपाल को डीएम की फटकार, बोले- एक भी पात्र छूटना नहीं चाहिए*

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने रविवार को तहसील बैरिया अंतर्गत ग्राम जगदेवा का दौरा कर बाढ़ प्रभावित लोगों का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री का वितरण किया।


जिलाधिकारी ने गांव में बाढ़ प्रभावित परिवारों की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने लेखपाल को गांव-गांव जाकर बाढ़ पीड़ित परिवारों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया था। 


निरीक्षण के दौरान सूची तैयार करने में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने लेखपाल को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बाढ़ पीड़ितों के सर्वे और सूची तैयार करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने लेखपाल को प्रत्येक गांव में जाकर एक-एक घर का सत्यापन करते हुए पात्र बाढ़ पीड़ितों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। 


इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम जगदेवा में 50 बाढ़ पीड़ित परिवारों को बाढ़ राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने प्रभावित लोगों को आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर एडीएम अनिल कुमार, एसडीएम बैरिया, बीडीओ, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।