बलिया : तमसा नदी संरक्षण के लिए निकलेगी जन-जागरण शोभायात्रा, गंगा समग्र की जिला कार्यकारिणी बैठक संपन्न


बलिया। गंगा समग्र, जिला बलिया की जिला कार्यकारिणी की बैठक रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर, नागा जी मठ गुरुकुल आश्रम में माँ गंगा के समक्ष दीप प्रज्वलन, गंगा गीत एवं बैठक मंत्र के साथ संपन्न हुई। बैठक के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश जी के नेतृत्व में शरीफा एवं अनार के पौधों का वृक्षारोपण किया गया, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई।

बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक धनंजय उपाध्याय ने की। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि तमसा नदी की अविरलता एवं निर्मलता के लिए शीघ्र ही भव्य जन-जागरण शोभायात्रा निकाली जाएगी। साथ ही वृक्षारोपण मास के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा 27 सितंबर को विश्व नदी दिवस को व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया।


मुख्य वक्ता पर्यावरणविद् डॉ. गणेश कुमार पाठक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बड़े-बड़े पेड़ों की लगातार कटाई, भूजल के अत्यधिक दोहन तथा शहरीकरण के नाम पर हरित संपदा के नष्ट होने पर चिंता व्यक्त करते हुए जल संरक्षण और वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

सहायक नदी आयाम प्रमुख जवाहर सिंह ने बताया कि तमसा नदी अंबेडकर नगर से निकलकर बलिया के मालदेपुर घाट पर माँ गंगा में मिलती है। इसकी लगभग 50 किलोमीटर की यात्रा में मगई और लकड़ा जैसी प्रमुख सहायक नदियाँ जुड़ती हैं। उन्होंने कहा कि इन नदियों की तलहटी की सफाई एवं संरक्षण आवश्यक है, ताकि वे वर्षभर प्रवाहित रह सकें। इसके लिए तमसा नदी के पूरे मार्ग पर जन-जागरण शोभायात्रा निकालकर लोगों को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।


बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जल, जंगल और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने तथा गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण के लिए निरंतर अभियान चलाने का संकल्प लिया।