बलिया। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, बांसडीह रोड बलिया की एक आवश्यक बैठक रविवार को शिवांश फैमिली रेस्टोरेंट में आयोजित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद गांधी तथा विशिष्ट अतिथि जिला संरक्षक संजय सिंह 'मुन्ना' रहे। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष संजय सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. परमेश्वर सिंह ने किया।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से व्यापारियों के बीच व्यापक संपर्क अभियान चलाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा इसके संचालन के लिए एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आगामी 3 सितंबर को लखनऊ में आयोजित व्यापारी महाकुंभ में अधिक से अधिक व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी। यह भी तय किया गया कि सदस्यता अभियान पूर्ण होने के बाद संगठन की नई कमेटी का गठन किया जाएगा।
सदस्यता अभियान समिति में सर्वसम्मति से डॉ. परमेश्वर सिंह, विजय बहादुर यादव, शशिकांत वर्मा, विजय कुमार बिंद, अनिल कुमार शर्मा, जावेद, पवन कुमार वर्मा, मिथिलेश कुमार, जितेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार ठाकुर, अनूप कुमार यादव एवं उत्तम ठाकुर को शामिल किया गया।
मुख्य अतिथि अरविंद गांधी ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता होती है। आपसी प्रेम, सहयोग और विश्वास से ही संगठन मजबूत बनता है और वही समाज के हित में प्रभावी भूमिका निभाता है। उन्होंने व्यापारियों से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि संजय सिंह 'मुन्ना' ने कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़कर व्यापारियों की आवाज को और मजबूत बनाया जाएगा।
अंत में नगर अध्यक्ष संजय सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक में लिए गए निर्णयों को शीघ्र अमल में लाने का भरोसा दिलाया।

