बलिया में गूंजा 'नशा मुक्त युवा–विकसित भारत' का संकल्प, प्रधानमंत्री मोदी का संदेश सुन हजारों युवाओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ


बलिया, 02 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा "नशा मुक्त युवा फ़ॉर विकसित भारत संकल्प अभियान" के राष्ट्रीय शुभारंभ के अवसर पर जनपद बलिया में भी व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेरा युवा भारत (MY Bharat) के समन्वय में आयोजित इस अभियान के तहत हजारों युवाओं ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन सुना और नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।


मुख्य कार्यक्रम नागा जी सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, माल्देपुर में आयोजित हुआ, जहां 200 से अधिक युवाओं ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेश का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ हुई, जिसके बाद सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ग्रहण की।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे की लत से जूझ रहे लोगों को पुनर्वास एवं उपचार के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को जनजागरूकता और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से निरंतर चलाया जाएगा।


विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेंद्र त्रिपाठी ने युवाओं से व्यसनमुक्त जीवन अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। वहीं जिला युवा अधिकारी, MY Bharat बलिया रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा समाज में नशा मुक्त वातावरण तैयार करना है।


जनपद के सभी विकास खंडों में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने युवा मंडलों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से प्रधानमंत्री के संदेश का सामूहिक प्रसारण कराया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवाओं एवं नागरिकों ने भाग लेते हुए नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया।


कार्यक्रम में शरद यादव (युवा कल्याण एवं प्रादेशिक रक्षा दल), शलभ उपाध्याय (नमामि गंगे परियोजना), नवीन कुमार सिंह, शुभम मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे। पूरे जनपद में आयोजित कार्यक्रमों ने इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।



Post a Comment

0 Comments