मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पैदल गश्त कर लोगों से शांति, सौहार्द और सहयोग बनाए रखने की अपील
बलिया, 2 अगस्त। श्रावण मास के दौरान कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रविवार को भारी पुलिस बल के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) किया। इस दौरान प्रमुख शिव मंदिरों, शिवालयों, कांवड़ यात्रा मार्गों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों, मुख्य बाजारों और व्यस्त चौराहों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद की सुरक्षा और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करने की अपील भी की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की गहन जांच की। साथ ही लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा, सहयोग और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी लाइन मंजरी राव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रवीण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक के पीआरओ उपनिरीक्षक कौशल कुमार पाठक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
उधर, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार पैदल गश्त की जा रही है। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की सघन चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है।





