बलिया : बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे डीएम, राहत-बचाव व्यवस्थाओं का लिया जायजा


*पर्वतपुर और भोजपुरवा में डीएम ने जाना बाढ़ पीड़ितों का हाल, सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने की अपील*

*बाढ़ पीड़ितों को मिलेगा जमीन का पट्टा और मुआवजा, डीएम ने दिए निर्देश*

*बाढ़ प्रभावितों की मदद को प्रशासन अलर्ट, 9 नाव और 35 एनडीआरएफ कर्मी संभाल रहे मोर्चा*

*बाढ़ प्रभावित गांवों में डीएम का दौरा, पीड़ितों के लिए राहत और चिकित्सा व्यवस्था परखी*


बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को तहसील बांसडीह के बाढ़ प्रभावित ग्राम पर्वतपुर और भोजपुरवा का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से राशन, भोजन, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


ग्राम पर्वतपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बाढ़ पीड़ितों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। यहां करीब 50 लोगों के रुकने की व्यवस्था है। जिलाधिकारी ने राहत शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। बाढ़ प्रभावित लोगों के उपचार के लिए मेडिकल टीम तथा पशुओं के इलाज के लिए भी चिकित्सा टीम तैनात की गई है। जिलाधिकारी ने मेडिकल टीम से उपलब्ध दवाओं एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद जिलाधिकारी ने नाव वोट से ग्राम भोजपुरवा का भ्रमण किया और वहां बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की। निरीक्षण के दौरान गांव में करीब 20 लोग अपने पशुओं के साथ मौजूद मिले। जिलाधिकारी ने सभी से अपील की कि वे आज शाम नाव के माध्यम से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं। 


उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को बाढ़ प्रभावित परिवारों के घरों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन बाढ़ पीड़ितों के पास रहने के लिए जमीन नहीं है, उनके लिए जमीन का पट्टा उपलब्ध कराने तथा पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। 


जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए 9 नावों की व्यवस्था की गई है तथा 35 एनडीआरएफ कर्मियों की टीम तैनात है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा जरूरतमंदों तक सभी आवश्यक सुविधाएं समय से पहुंचाई जाएं। निरीक्षण में एसडीएम बांसडीह, तहसीलदार बांसडीह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।