बलिया पुलिस को मिली आधुनिक इंटरसेप्टर बाइकें, एसपी ओमवीर सिंह ने दिखाई हरी झंडी


ओवरस्पीडिंग, स्टंटबाजी, ड्रंक एंड ड्राइव पर होगी सख्त कार्रवाई, सड़क सुरक्षा होगी और मजबूत

बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार की यातायात व्यवस्था के आधुनिकीकरण एवं सड़क सुरक्षा योजना के तहत जनपद बलिया को दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर दोपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से इन इंटरसेप्टर बाइकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन आधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जनपद में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में इन वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।


इन इंटरसेप्टर वाहनों में स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) सिस्टम, वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइज़र, अल्कोहल मीटर, लाल-नीली चेतावनी बत्ती एवं हूटर जैसे अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इनकी सहायता से ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाना, रैश ड्राइविंग, स्टंटबाजी, ध्वनि प्रदूषण तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस विभाग के अनुसार इंटरसेप्टर वाहन जाम की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराने, प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखने तथा वीआईपी मूवमेंट के दौरान भी उपयोग में लाए जाएंगे। इसके अलावा Zero Fatality District (ZFD) अभियान के तहत दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर सड़क हादसों को कम करने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।


इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल, क्षेत्राधिकारी लाइन/ट्रैफिक मंजरी राव, पीआरओ निरीक्षक चन्द्रभास्कर द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक ट्रैफिक अनवर अली सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments