वाराणसी, 04 अगस्त। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में भारतीय रेलवे सुरक्षा बल सेवा (IRPFS) के वरिष्ठ अधिकारी श्री पंकज चुघ ने वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (Senior Divisional Security Commissioner) का पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके कार्यभार संभालने से वाराणसी मंडल की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
श्री पंकज चुघ वर्ष 2013 बैच के भारतीय रेलवे सुरक्षा बल सेवा (IRPFS) के ग्रुप 'ए' अधिकारी हैं। उन्होंने मानव संसाधन (Human Resource) में एमबीए की शिक्षा प्राप्त की है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के माध्यम से चयनित होने के बाद उन्होंने 7 सितंबर 2015 को भारतीय रेलवे सुरक्षा बल सेवा में अपनी जिम्मेदारी संभाली थी।
अपने अब तक के सेवाकाल में श्री चुघ ने रेलवे सुरक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए व्यापक प्रशासनिक एवं सुरक्षा अनुभव अर्जित किया है। उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर में सहायक सुरक्षा आयुक्त (ASC), अजमेर में प्रभारी सहायक सुरक्षा आयुक्त, उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में मंडल सुरक्षा आयुक्त (DSC) तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर में मंडल सुरक्षा आयुक्त एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के रूप में उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं।
वाराणसी मंडल में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के रूप में श्री चुघ के नेतृत्व में रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा तथा सुरक्षा जागरूकता अभियानों को नई गति मिलने की संभावना है।
रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच अपनी कार्यकुशलता, सरल व्यवहार और अनुशासित कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले श्री पंकज चुघ के नेतृत्व से वाराणसी मंडल में सुरक्षा प्रबंधन को नई दिशा मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है। उनके आगमन पर मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

