बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, जनसेवा के एक अध्याय का हुआ अंत

बलिया। उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए बुधवार की देर रात एक दुखद खबर सामने आई। बलिया जनपद की रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार निर्वाचित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह का दिल्ली में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही जिले सहित प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

उमाशंकर सिंह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली में उनका इलाज चल रहा था। बुधवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से उनके समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है।

छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे उमाशंकर सिंह ने अपने जनसंपर्क, सादगी और जनसेवा के बल पर रसड़ा विधानसभा क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक पहचान बनाई। उन्होंने वर्ष 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज कर अपनी लोकप्रियता का परिचय दिया। वे प्रदेश में बसपा के एकमात्र विधायक थे।

उनके निधन पर राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक उमाशंकर सिंह का असमय निधन अत्यंत दुःखद और स्तब्ध करने वाला है। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए जो योगदान दिया, उसे सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उनका निधन सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

नीरज शेखर ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।