बैरिया बलिदान दिवस : जब 18 वीर सपूतों ने सीने पर गोलियां खाकर फहराया तिरंगा


*18 वीरों के बलिदान से लिखी गई बैरिया की अमर गाथा, तिरंगे की शान में अंग्रेजी हुकूमत को दी थी खुली चुनौती*

बलिया को बागी ऐसे ही नहीं कहा गया। यह वह धरती है, जहां शौर्य केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि जन-जन के स्वाभिमान और संघर्ष की पहचान रहा है। आजादी के आंदोलन में बलिया के वीरों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जिस अदम्य साहस और त्याग का परिचय दिया, उसकी गूंज आज भी सुनाई देती है। इसी गौरवशाली इतिहास का एक अमर अध्याय है 18 अगस्त 1942 का बैरिया (द्वाबा) बलिदान दिवस, जब तिरंगे की आन, बान और शान के लिए एक के बाद एक 18 वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी।

सन् 1942 में महात्मा गांधी के नेतृत्व में शुरू हुए भारत छोड़ो आंदोलन ने पूरे देश में अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। पूर्वांचल की धरती भी इस जनविद्रोह से अछूती नहीं रही। बलिया में स्वतंत्रता की लौ इतनी प्रचंड थी कि यहां के किसानों, युवाओं और आम नागरिकों ने अंग्रेजी सत्ता को खुली चुनौती दे दी। बैरिया और द्वाबा क्षेत्र के लोगों में भी आजादी का जुनून सिर चढ़कर बोल रहा था। अंग्रेजों के दमन, अत्याचार और गुलामी की बेड़ियों को तोड़ने के लिए लोग अपने प्राणों की परवाह किए बिना संघर्ष के मैदान में उतर चुके थे।

18 अगस्त 1942 का दिन बैरिया के इतिहास में अमर हो गया। अंग्रेजी हुकूमत के प्रतीक थाने पर तिरंगा फहराने का संकल्प लेकर बड़ी संख्या में देशभक्त वहां पहुंचे। उनके हाथों में हथियार नहीं थे, लेकिन दिल में आजादी का जज्बा और सीने में देशभक्ति का जुनून था। सामने ब्रिटिश पुलिस की बंदूकें थीं, लेकिन देशभक्तों के कदम पीछे हटने को तैयार नहीं थे। तिरंगे को थाने के ऊपर फहराने की कोशिश को रोकने के लिए अंग्रेजी हुकूमत ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

गोलियों की बौछार के बावजूद वीर सपूतों का हौसला नहीं टूटा। एक के बाद एक 18 वीर देशभक्तों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके शरीर गोलियों से छलनी होते रहे, लेकिन तिरंगे को लेकर उनका संकल्प कमजोर नहीं हुआ। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो हर शहीद का लहू धरती से यही कह रहा हो कि गुलामी की जंजीरें अब ज्यादा दिन नहीं टिकेंगी। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए आजादी का संदेश बन गया।

उन वीरों के साहस ने अंग्रेजी सत्ता को यह स्पष्ट संदेश दिया कि हिंदुस्तानियों को गोलियों के बल पर हमेशा के लिए गुलाम नहीं रखा जा सकता। उनके सीने गोलियों से छलनी हो सकते हैं, लेकिन उनके भीतर पल रहा आजादी का जज्बा कभी नहीं मारा जा सकता। आखिरकार तिरंगा थाने के ऊपरी गुंबद पर शान से लहराया और बैरिया की धरती ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अपना नाम स्वर्णाक्षरों में दर्ज करा लिया।

बैरिया बलिदान दिवस केवल 18 वीरों को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उस सामूहिक चेतना को याद करने का दिन है, जिसने अंग्रेजी हुकूमत के सामने घुटने टेकने से इनकार कर दिया था। यह दिन बताता है कि आजादी किसी एक व्यक्ति, एक संगठन या एक घटना की देन नहीं थी, बल्कि इसके पीछे असंख्य ज्ञात-अज्ञात वीरों का त्याग, संघर्ष, तपस्या और बलिदान छिपा था।

बलिया की पहचान आज भी ‘बागी बलिया’ के रूप में गर्व से की जाती है। 1942 के आंदोलन में यहां के लोगों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध जिस तरह विद्रोह का बिगुल फूंका, वह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में अद्वितीय है। बैरिया का बलिदान इसी बागी तेवर की एक ऐसी मिसाल है, जहां देश की आन के लिए युवाओं ने अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान देने में भी संकोच नहीं किया।

आज जब हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, तब बैरिया के उन अमर बलिदानियों को याद करना केवल एक ऐतिहासिक परंपरा नहीं, बल्कि हमारा राष्ट्रीय दायित्व है। उनके बलिदान ने हमें यह सिखाया कि देश की स्वतंत्रता, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए साहस, एकता और त्याग आवश्यक हैं। नई पीढ़ी को इन वीरों की गाथा से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।

18 अगस्त का बैरिया बलिदान दिवस हमें हर वर्ष यह याद दिलाता है कि आजादी की कीमत हमारे पूर्वजों ने अपने रक्त से चुकाई थी। बैरिया की पावन धरती पर शहीद हुए 18 वीर सपूतों का बलिदान सदैव अमर रहेगा। उनके सपनों का भारत तभी साकार होगा, जब हम देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझें, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें और उस तिरंगे की प्रतिष्ठा को हमेशा बनाए रखें, जिसके लिए उन वीरों ने हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

बैरिया की धरती के उन अमर बलिदानियों को शत-शत नमन। उनका त्याग, उनका साहस और उनका स्वाभिमान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रभक्ति की राह दिखाता रहेगा।

आशीष त्रिवेदी ✍️

सचिव, संकल्प संस्था, बलिया