महाप्रबंधक, पूर्वाेत्तर रेलवे ने किया संरक्षा एवं विकास कार्यों का निरीक्षण


लखनऊ, 02 जुलाई 2026। पूर्वाेत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने लखनऊ मण्डल के गोण्डा-बुढ़वल-सीतापुर रेलखण्ड का विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्टेशन पुनर्विकास, ट्रैक-ब्रिज सुरक्षा तथा संरक्षा उपकरणों की समीक्षा की। 


निरीक्षण के आरम्भ में, महाप्रबंधक महोदय ने प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री नीलमणि, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री राजेश कुमार, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री प्रकाश चन्द्र जायसवाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (रोड सेफ्टी प्रोजेक्ट) श्री नवीन झा, प्रमुख मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री मुरारी लाल मकवाना तथा मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री सुमित कुमार एवं मण्डल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ गोण्डा स्टेशन पर चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया।


उन्होंने स्टेशन भवन के डिजाइन, स्ट्रक्चर और मास्टर प्लान का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।


यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्लेटफार्म संख्या 1 को सुदृढ़ करने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा फूड ट्रैक एवं रेल आहार स्टालों का जायजा लिया। स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के डॉग स्क्वायड टीम से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और परिवर्धित गार्ड ब्रेक वैन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अधिकारी विश्रामालय परिसर, गोंडा में पौधरोपण भी किया।


महाप्रबंधक श्री बोरवणकर ने कहा कि, यात्री सुरक्षा, आधुनिक सुविधाएं एवं संरक्षा मानकों का सख्ती से पालन पूर्वाेत्तर रेलवे की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण में उल्लिखित सभी बिंदुओं पर त्वरित अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।


गोण्डा-बुढ़वल-सीतापुर खंड में विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक महोदय द्वारा  समपार संख्या 303 स्पेशल का जायजा लिया गया तथा गेटमैन से संरक्षा संबंधी पूछताछ की गई। बुढ़वल स्टेशन पर सोलर पैनल, पैनल रूम और स्टेशन अधीक्षक से गाड़ी संचालन और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने अनुपयोगी सामग्री हटाकर परिसर स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक महोदय द्वारा बुढ़वल यार्ड में ट्रैक मशीन स्टाफ के कैंपिंग कोच का निरीक्षण किया गया। लाइट, जनरेटर, पानी एवं बैटरी चार्जर व्यवस्था आदि की समीक्षा की गई।

बुढ़वल-सीतापुर खंड में सुढ़ियामऊ-तहसील फतेहपुर स्टेशन के मध्य गोलाई संख्या 02 का निरीक्षण एवं मापन किया गया। पुल संख्या 78 (सुमली नदी) का निरीक्षण कर उन्होंने पुल के नीचे अनाधिकृत ट्रेसपासिंग को तुरंत रोकने  का निर्देश दिया।

बिसवॉ-सरैयॉ के मध्य गेट संख्या 52/सी पर, महाप्रबंधक महोदय ने गेटमैन की संरक्षा संबंधी जानकारी, नियमों, डेटोनेटर एवं टीवीयू की जाँच की। ट्रैक मेजरमेंट एवं संरक्षा फिटिंग्स सुनिश्चित करने के बाद गेटमैन की दक्षता पर प्रसन्नता व्यक्त कर उन्हें मौके पर नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।

निरीक्षण के अन्त में महाप्रबंधक महोदय द्वारा सीतापुर स्टेशन पहुॅचने पर वहॉ स्थित ’एकीकृत क्रू लाबी’ में ’साइन आन एवं साइन आफ’ पंजिका, ’स्पेड’ पंजिका, ’काउंसलिंग’ पंजिका एवं कर्मचारी परिवाद पंजिका की जॉच की तथा ’एकीकृत रनिंग रुम’ में प्रदान की जाने वाली खानपान सुविधाओं, रेस्टरूम, व्यायाम कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होने ’एकीकृत रनिंग रूम’ में गर्मी के दिनों में एयर कंडीशनिंग की सुविधा प्रदान करने व ट्रेन संचलन से जुड़े लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

इसके उपरान्त उन्होंने सीतापुर जं0 स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत चल रहे विकास कार्यो, यात्री सुविधाओं तथा सीतापुर स्थित रेलवे कालोनी का विस्तृत निरीक्षण किया। 

महाप्रबंधक महोदय ने रेल संरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए संरक्षा विभाग, पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ द्वारा तैयार की गई “नॉन-इंटरलॉक समपार फाटक एवं स्वचालित सिग्नलिंग क्षेत्र में असामान्य कार्य प्रणाली” विषयक हैंडबुक का विमोचन किया।

इस अवसर पर मुख्य परियोजना प्रबंधक/रोड सेफ्टी प्रोजेक्ट, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/समन्वय, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त, उप मुख्य परियोजना प्रबंधक/गतिशक्ति, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मण्डल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर/टीआरडी, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/।।।, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/।। तथा सहायक मण्डल इंजीनियर/लाइन एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। उक्त जानकारी महेश गुप्ता,   जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल ने दी।



Post a Comment

0 Comments