राजस्व अधिकारियों ने किया स्वागत, बोले— पारदर्शी प्रशासन और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान होगी प्राथमिकता
बांसडीह (बलिया)। एक सप्ताह से एसडीएम विहीन चल रही बांसडीह तहसील को नया उपजिलाधिकारी मिल गया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने वर्ष 2024 बैच के पीसीएस अधिकारी पुष्कर मिश्रा को बांसडीह का एसडीएम नियुक्त किया है। बुधवार को उन्होंने तहसील पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण करने पर तहसीलदार नितिन कुमार सिंह सहित राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवागत एसडीएम का बुके भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें तहसील की प्रशासनिक व्यवस्था, राजस्व कार्यों तथा क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों से अवगत कराया।
बताया गया कि पुष्कर मिश्रा की पहली तैनाती बलिया जनपद में ही एसडीएम न्यायिक, सिकंदरपुर के पद पर हुई थी। अब उन्हें बांसडीह तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यभार संभालने के बाद एसडीएम पुष्कर मिश्रा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर लंबित राजस्व मामलों, जनशिकायतों तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
नवागत एसडीएम की तैनाती से बांसडीह तहसील के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की उम्मीद जताई जा रही है।


0 Comments