*मैरीटार में भाजपा बांसडीह विधानसभा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन*
*विधायक केतकी सिंह ने कहा— बूथ अध्यक्षों का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता*
बांसडीह (बलिया)। भारतीय जनता पार्टी बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों का विशाल सम्मेलन बुधवार को मैरीटार गांव में उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। सम्मेलन में संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रविन्द्र कुशवाहा एवं बांसडीह विधायक केतकी सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित करके किया।
मुख्य अतिथि रविन्द्र कुशवाहा ने कहा कि बूथ अध्यक्ष किसी भी राजनीतिक दल की सबसे मजबूत कड़ी होते हैं। पार्टी की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने तथा जनता से सीधे संवाद स्थापित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बूथ अध्यक्षों के कंधों पर होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की हर चुनावी सफलता के पीछे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का समर्पण और अथक परिश्रम रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथों पर सक्रिय होकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया।
विधायक केतकी सिंह ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बांसडीह के बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत कर भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भी संगठन की एकजुटता और बूथ स्तर की मजबूत तैयारी के बल पर भाजपा तीसरी बार बांसडीह विधानसभा में विजय का परचम लहराएगी।
उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनका सम्मान उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। बूथ अध्यक्षों के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान विधायक केतकी सिंह ने पूर्व सांसद रविन्द्र कुशवाहा को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, राजेश सिंह, अजय सिंह, आलोक सिंह, प्रतुल कुमार ओझा, नीतेश सिंह, शारदानंद साहनी, अभिजीत तिवारी 'बब्लू', मिथिलेश तिवारी, भोला ओझा, राकेश वर्मा, सतेंद्र सिंह, सितांशु गुप्ता, दुर्गेश मिश्रा, सुशील श्रीवास्तव, अजित सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




0 Comments