बलिया, 31 जुलाई। प्रयागराज विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष एवं इंडियन पीपुल्स फ्रंट (आईपीएफ) के संस्थापक सदस्य अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि छात्रों, युवाओं और आम जनता के बुनियादी सवालों के समाधान के लिए देश में जवाबदेह सरकार का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हाल ही में जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन में जवाबदेह सरकार की मांग प्रमुख रूप से उभरकर सामने आई है।
नगर के एक होटल में छात्र नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन तथा भूमिहीनों को आवासीय भूमि उपलब्ध कराना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है। इन अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संसाधन जुटाए जा सकते हैं। इसके लिए बड़े कॉरपोरेट घरानों पर संपत्ति एवं विरासत कर लगाए जाने की आवश्यकता है।
बैठक में रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान के तहत प्रस्तावित 9 सूत्रीय एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई। अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 9 अगस्त को मिर्जापुर से रोजगार अधिकार यात्रा प्रारंभ होगी, जो बलिया सहित विभिन्न जनपदों से गुजरते हुए 12 सितंबर को वाराणसी में संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा के प्रमुख मुद्दों में रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती, पूंजी पलायन पर रोक, जस्टिस रोहिणी आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक करना, अति पिछड़े वर्ग के लिए अलग आरक्षण कोटा, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की लूट एवं निजीकरण पर रोक, माइक्रोफाइनेंस कंपनियों द्वारा महिलाओं के आर्थिक शोषण पर अंकुश, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को समाज के सभी वर्गों तक व्यापक स्तर पर पहुंचाने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में छात्र नेता अमन कुमार सिंह, रणवीर सिंह सेंगर, उपेंद्र सिंह, बृजेश सिंह घाट, राघवेंद्र, प्रिंस चौधरी, वेद प्रकाश, मदन यादव, जमाल, संतोष सिंह, निकेश सिंह, समाजवादी जन परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह, लोक सेनानी संगठन के द्विजेंद्र मिश्रा, अखिलेश सिन्हा, पूर्वांचल यात्रा के संयोजक डॉ. आर.पी. गौतम, सह संयोजक डॉ. शम्मी कुमार सिंह तथा रोजगार अधिकार अभियान के समन्वयक राजेश सचान सहित अनेक छात्र नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


0 Comments