बलिया : 40 वर्षों से लंबित चकबंदी प्रक्रिया पूरी, ग्राम वाजिदपुर में कब्जा परिवर्तन कार्य संपन्न


*उत्कृष्ट कार्य के लिए सहायक चकबंदी अधिकारी व चकबंदीकर्ता को प्रदान किया गया प्रशस्ति-पत्र, ग्रामीणों में खुशी की लहर*

बलिया। तहसील बैरिया, परगना द्वाबा के ग्राम वाजिदपुर में लगभग 40 वर्षों से लंबित चकबंदी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी श्री सचेन्द्र कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में ग्राम वाजिदपुर में कब्जा परिवर्तन का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया, जिससे वर्षों से लंबित विवाद का समाधान हुआ और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।

इस महत्वपूर्ण कार्य को सहायक चकबंदी अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार तथा चकबंदीकर्ता श्री राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं प्रशासनिक दक्षता के साथ संपन्न कराया गया। दशकों से लंबित इस जटिल प्रक्रिया के पूर्ण होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली तथा भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त हुआ।

उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा एवं प्रशासनिक दक्षता के लिए बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी श्री सचेन्द्र कुमार सिंह ने सहायक चकबंदी अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार एवं चकबंदीकर्ता श्री राकेश कुमार सिंह को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रशस्ति-पत्र में दोनों अधिकारियों द्वारा लंबे समय से लंबित चकबंदी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण कराने, निष्पक्ष कार्यशैली तथा जनहित में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना की गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन की इस उपलब्धि का स्वागत करते हुए अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि चार दशक से लंबित चकबंदी प्रक्रिया पूरी होने से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान हुआ है और लोगों का राजस्व एवं चकबंदी प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी श्री सचेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप लंबित चकबंदी प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ जनहित में कार्य करने का आह्वान किया।



Post a Comment

0 Comments