थाना समाधान दिवस : बलिया के सभी थानों में सुनी गईं जनसमस्याएं, 13 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

बलिया। पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन में शनिवार को जनपद के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। 

थाना समाधान दिवस के अवसर पर सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्राधिकार के थानों पर उपस्थित रहे, जबकि थाना प्रभारियों ने प्रशासनिक टीम के साथ मिलकर आमजन की शिकायतों का निस्तारण कराया। अधिकारियों ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का गंभीरता से परीक्षण करते हुए संबंधित मामलों में निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनपद के सभी थानों पर कुल 90 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जांच कर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण करना है, ताकि लोगों को न्याय के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्षता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।



Post a Comment

0 Comments