बलिया। आदर्श नगर पंचायत रतसड़ कलां स्थित भीखा भगत पोखरा परिसर में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री नारद राय के संयोजन एवं आयोजन में केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशाल जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हल्की बारिश के बावजूद कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे परिसर में भाजपा एवं सहयोगी दलों के समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी, पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, पूर्व सांसद रवींद्र कुशवाहा, पूर्व मंत्री राजधारी, महामंडलेश्वर स्वामी कौशलेंद्र गिरि सहित कई प्रमुख नेताओं ने सरकार की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखा। वहीं विपक्ष की नीतियों पर भी जमकर हमला बोला गया।
कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री नारद राय ने सभी अतिथियों एवं हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि जनसंवाद का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को सीधे जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने अंत में सभी आगंतुकों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
'सरकार अच्छी है'— जनता से सीधे संवाद में बोले ओमप्रकाश राजभर
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सबसे पहले जनता से सवाल किया कि "मोदी और योगी की सरकार अच्छी है या नहीं?" जिस पर उपस्थित लोगों ने एक स्वर में सरकार के पक्ष में समर्थन जताया।
राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों के लिए उत्सव भवनों का निर्माण करा रही है तथा प्रदेश के सभी 826 विकास खंडों में आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में घर-घर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था कर स्वच्छता अभियान को नई दिशा दी गई है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में "वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया" की स्थिति थी, जबकि आज "वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट" के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल वोट की राजनीति करता है और जनता को आत्मनिर्भर नहीं बनने देना चाहता।
महिला आरक्षण, विकास योजनाओं और आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी 27 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारें प्रदेश को पीछे ले जाने का कार्य करती थीं।
दयाशंकर सिंह बोले— 2029 तक हर गरीब के सिर पर होगा पक्का मकान
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता नारद राय का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 9 वर्ष का कार्यकाल विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और सुभासपा का गठबंधन सामाजिक समरसता और विकास का प्रतीक है तथा वर्ष 2027 में एनडीए प्रदेश की सभी सीटों पर विजय प्राप्त करेगा।
दयाशंकर सिंह ने कहा कि सरकार गरीबों को होली और दीपावली पर निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही है, महिलाओं की गरिमा के लिए करोड़ों शौचालयों का निर्माण कराया गया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से वर्ष 2029 तक प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि योग दिवस को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। साथ ही बलिया में भी लगातार विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
दानिश आज़ाद अंसारी ने गिनाईं जनकल्याणकारी योजनाएं
अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि मोदी और योगी सरकार ने गरीब, महिला, किसान, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
उन्होंने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को अपना परिवार मानते हुए किसी का चूल्हा बुझने नहीं दिया। करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा तथा अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए नारद राय की सराहना की।
वीरेंद्र सिंह मस्त बोले— बलिया दुनिया को दिशा देने वाली धरती
पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि आज समाज में जाति आधारित राजनीति की चर्चा अधिक हो रही है, जबकि भारत की वास्तविक पहचान उसकी सांस्कृतिक विरासत और सनातन मूल्यों में निहित है।
उन्होंने समाजवादी विचारक डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत राम की मर्यादा, कृष्ण के विवेक और भगवान शंकर के त्याग की भूमि है। उन्होंने कहा कि बलिया केवल एक जनपद नहीं बल्कि देश-दुनिया को संदेश देने वाली धरती है।
उन्होंने किसान आंदोलन के प्रणेता स्वामी सहजानंद सरस्वती को याद करते हुए स्वदेशी वस्तुओं के अधिकाधिक उपयोग का संकल्प भी दिलाया।
रवींद्र कुशवाहा ने विपक्ष पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप
पूर्व सांसद रवींद्र कुशवाहा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने संविधान खतरे में होने जैसी अफवाहें फैलाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को पूर्ण बहुमत की उम्मीद थी, लेकिन विपक्ष के दुष्प्रचार से कुछ सीटों का नुकसान हुआ।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी सजगता के साथ जनता के बीच जाने का आह्वान करते हुए कहा कि मोदी और योगी सरकार के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाना होगा।
पूर्व मंत्री राजधारी बोले— अपराध पर लगी लगाम, विकास को मिली नई गति
पूर्व मंत्री राजधारी ने कहा कि मोदी और योगी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। पहले संगठित अपराध आम बात थी, जबकि अब अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई हो रही है।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण सहित अनेक योजनाओं ने गरीबों के जीवन में बड़ा परिवर्तन लाया है। भारत की सीमाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित हुई हैं और आज देश हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है।
अन्य वक्ताओं ने भी रखे विचार
महामंडलेश्वर स्वामी कौशलेंद्र गिरि महाराज, रतसड़ कलां नगर पंचायत के चेयरमैन अजय राजभर, विजया लक्ष्मी सिंह एवं रुद्र प्रताप सिंह ने भी अपने संबोधन में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा सामाजिक समरसता पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने की, जबकि संचालन सुभासपा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील सिंह ने किया। पवन सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
लोक कलाकारों ने बांधा समां
जनसंवाद कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रसिद्ध लोकगायक गोलू राजा, मनोहर सिंह, अल्का सिंह पहाड़िया, सन्नी पांडेय तथा भावना सिंह ने अपने गीतों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। देर तक श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
हल्की बारिश के बीच आयोजित यह जनसंवाद कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना गया, जिसमें सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के साथ आगामी चुनावी रणनीति की झलक भी देखने को मिली।















0 Comments