विधायक केतकी सिंह ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए विशेष निर्देश
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था, प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक गूंजेगी रामकथा
बलिया। जनपद के बांसडीह विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बेरूआरबारी ब्लॉक के समीप स्थित भगवान दास मंदिर परिसर, करिहरा में 22 जून से नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा महोत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है। विश्वविख्यात कथा वाचक राजन जी महाराज की मधुर वाणी से होने वाली इस संगीतमय रामकथा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण व्याप्त है। कथा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
आयोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए शनिवार सायंकाल विधायक केतकी सिंह के साथ जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कथा स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों से कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा की जानकारी प्राप्त की तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
विधायक केतकी सिंह ने बताया कि 22 जून को प्रातः भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर श्रीराम कथा महोत्सव का शुभारंभ होगा। कथा प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं से कहा कि कथा में दूर-दराज के जिलों एवं प्रदेशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कथा स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सहायता, विद्युत आपूर्ति तथा यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
22 जून से 30 जून तक चलने वाले इस नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। क्षेत्र के धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के साथ-साथ आमजन भी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। करिहरा धाम में होने वाला यह आध्यात्मिक आयोजन न केवल श्रद्धालुओं को धर्म और संस्कृति से जोड़ने का कार्य करेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर देगा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी, क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र, तहसीलदार नितिन सिंह, आयोजन समिति अध्यक्ष राकेश सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


0 Comments