सौ से अधिक मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान, पौधरोपण, मरीजों के बीच फल-मिष्ठान वितरण और जरूरतमंदों को वस्त्र देकर मनाया गया जन्मोत्सव
बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का जन्मदिन शनिवार को उनके विधानसभा क्षेत्र में सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक आस्था, सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे दिन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ, पौधरोपण, अस्पतालों में मरीजों के बीच फल एवं मिष्ठान वितरण तथा निराश्रित महिलाओं को वस्त्र एवं आवश्यक सामग्री वितरित कर जनसेवा का संदेश दिया गया।
भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष सोनी तिवारी, हनुमानगंज मंडल अध्यक्ष विश्वजीत तिवारी, छाता मंडल अध्यक्ष दीनबंधु मौर्य तथा दुबहड़ मंडल अध्यक्ष रिंकू दुबे के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र के 100 से अधिक मंदिरों में सामूहिक रूप से सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित किया गया। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और संकटमोचन हनुमान जी की आराधना करते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल सार्वजनिक जीवन की मंगलकामना की। भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
इसी क्रम में परिवहन मंत्री के अनुज धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में निधरिया निराश्रित केंद्र में रह रही महिलाओं एवं युवतियों को वस्त्र, मिष्ठान और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा ही सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान होती है। लाभार्थियों ने इस मानवीय पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए मंत्री के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जन्मदिन के अवसर पर जिला पुरुष एवं महिला अस्पताल में भर्ती 300 से अधिक मरीजों के बीच भी फल, मिष्ठान एवं अन्य उपयोगी सामग्री वितरित की गई। धर्मेंद्र सिंह ने मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में आत्मीयता और संवेदनशीलता का वातावरण देखने को मिला।
इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
पूरे दिन चले इन धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नागरिक शामिल रहे। सभी ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के जनसेवा, विकास और समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना की।
इस अवसर पर केके सिंह, रवि सिंह, बंटू सिंह, कुलवंत सिंह, संजय सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे विधानसभा क्षेत्र में जन्मदिन को सेवा, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण की भावना के साथ मनाए जाने की व्यापक चर्चा रही।








0 Comments