बलिया। बाबा बालखण्डी नाथ मंदिर, दिउली (बांसडीह रोड) में आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शनिवार को कथा स्थल पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन, पेयजल, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आयोजन समिति से कहा कि कथा में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर एवं व्यवस्थित बनाया जाए।
परिवहन मंत्री ने कथा श्रवण के लिए बलिया सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से भी मुलाकात की और उनसे व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने श्रद्धालुओं के उत्साह, अनुशासन और भगवान भोलेनाथ के प्रति उनकी अटूट आस्था की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है।
कथा स्थल पर "हर-हर महादेव" के जयघोष और शिवभक्ति के वातावरण के बीच श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा एवं भक्ति भाव से कथा श्रवण कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि प्रशासन और आयोजन समिति का संयुक्त प्रयास है कि कथा में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सहज और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे पूर्ण श्रद्धा के साथ भगवान शिव की महिमा का श्रवण कर सकें।
उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने तथा पेयजल एवं भोजन वितरण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। इस दौरान कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
शिव महापुराण कथा के इस विराट आयोजन ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया है और प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बाबा बालखण्डी नाथ धाम पहुंचकर कथा का रसपान कर रहे हैं।

0 Comments