बलिया को मिले नए सीएमओ, डॉ. अभय नारायण राय ने संभाला कार्यभार

 


स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी और पारदर्शी बनाने का संकल्प, मरीजों को बेहतर सुविधाएं देना होगी प्राथमिकता

बलिया। उत्तर प्रदेश शासन ने जनपद बलिया को नया मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) प्रदान किया है। शासन के चिकित्सा अनुभाग-दो के विशेष सचिव रवि रंजन द्वारा जारी आदेश के तहत डॉ. अभय नारायण राय को बलिया का मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने मंगलवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया।

डॉ. अभय नारायण राय इससे पूर्व प्रतापगढ़ में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। बलिया में मुख्य चिकित्सा अधिकारी का पद रिक्त होने के कारण शासन ने उन्हें यहां तैनात किया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।

नवनियुक्त सीएमओ डॉ. राय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध और सुचारु रूप से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा और गति मिलेगी।




Post a Comment

0 Comments