बलिया, 14 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 93 यूपी बटालियन एनसीसी, बलिया द्वारा रविवार को रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।
बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनुराग तिवारी एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल रविंद्र किंग्रा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में एनसीसी कैडेट्स और स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर में 42 एनसीसी कैडेट्स ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज सेवा एवं राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। वहीं बटालियन के 5 पीआई स्टाफ ने भी रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया। इस प्रकार कुल 47 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अधिकारियों ने कहा कि "रक्तदान महादान है" और एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन को बचा सकता है।
उन्होंने बताया कि एनसीसी कैडेट्स केवल अनुशासन और नेतृत्व का ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
शिविर के दौरान चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम द्वारा सभी रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से रक्त संग्रहण सुनिश्चित किया गया। रक्तदान करने वाले सभी कैडेट्स और स्टाफ के उत्साह एवं सेवा भावना की सराहना की गई।
93 यूपी बटालियन एनसीसी, बलिया द्वारा समय-समय पर ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे युवाओं में समाज सेवा, मानवता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़े।
विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित यह शिविर मानव सेवा के प्रति एनसीसी की प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।
पंडित विजेंद्र कुमार शर्मा द्वारा





0 Comments