बलिया : दो दिन में 674 वाहनों का चालान, 23 वाहन सीज


यातायात नियम तोड़ने वालों पर बलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12.56 लाख रुपये का जुर्माना

बलिया। जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर बलिया पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी यातायात/नगर सतीश कुमार शर्मा के निकट पर्यवेक्षण में जनपदीय पुलिस, यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध वाहनों, नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों तथा अवैध बस एवं टेंपो स्टैंडों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया।

अभियान के दौरान कुल 674 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 23 वाहनों को सीज करते हुए 12 लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। विशेष रूप से ड्रंक एंड ड्राइव, काली फिल्म, हूटर लगे वाहनों, मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना वैध अभिलेखों के वाहन तथा नंबर प्लेट पर जातिसूचक एवं भड़काऊ शब्द लिखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।


कार्रवाई के दौरान नंबर प्लेट पर जातिसूचक एवं अन्य आपत्तिजनक शब्द लिखने वाले 38 वाहनों, ड्रंक एंड ड्राइव के 4 वाहनों, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले 7 वाहनों, बिना हेलमेट चल रहे 465 दोपहिया वाहनों तथा ट्रिपल राइडिंग कर रहे 46 वाहनों का चालान किया गया। वहीं वैध दस्तावेज न मिलने पर 23 वाहनों को सीज कर दिया गया।

इस अभियान के साथ-साथ पुलिस ने जनपदवासियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। लोगों से हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग से बचने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।

"सड़क पर सावधानी, घर में खुशहाली।"

"सावधानी हटी, दुर्घटना घटी।"



Post a Comment

0 Comments