शिवरामपुर संगम घाट पर हादसा, दो किशोरियों को बचाया गया; बचाव में उतरे दो युवक भी लापता
बलिया : जनपद के शिवरामपुर संगम घाट (ब्यासी) पर रविवार की सुबह एक खुशियों भरा मुंडन संस्कार कार्यक्रम उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब स्नान के दौरान चार लोग गंगा में डूब गए। इस घटना से घाट पर हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों और रिश्तेदारों में चीख-पुकार गूंज उठी।
जानकारी के अनुसार, फेफना थाना क्षेत्र के कल्याणीपुर निवासी वशिष्ठ चौहान के परिवार के लोग मुंडन संस्कार के लिए बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित शिवरामपुर घाट पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी स्नान करते समय अचानक चार किशोरियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
उन्हें बचाने के लिए मौके पर मौजूद लोग तत्काल नदी में कूद पड़े, लेकिन बचाव के प्रयास में दो युवक भी गंगा की गहराई और तेज धारा की चपेट में आकर डूब गए। हालांकि डूब रही चार किशोरियों में से दो को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई।
गंगा में लापता लोगों में हर्षिता चौहान (17) पुत्री अजीत चौहान और नंदिता चौहान (12) पुत्री अजीत चौहान, निवासी रामपुर भोज, थाना गड़वार (बलिया), अरुण चौहान (20) पुत्र मोहन चौहान, निवासी कल्याणीपुर, थाना फेफना (बलिया) तथा अर्जुन चौहान (19) पुत्र मुरली चौहान, निवासी खिलाड़ी महेशपुर (गाजीपुर) शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF की टीम को भी बुलाया गया है, जो लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी का पता नहीं चल सका है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने गंगा में स्नान के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की है।


0 Comments