रसड़ा (बलिया)। 93 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा बाबा रामदल सूरजदेव स्मारक पी.जी. कॉलेज, पकवाइनार में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-283 के आठवें दिन गुरुवार की देर रात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैडेट्स ने देशभक्ति गीतों, लोक नृत्यों एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ कैम्प कमांडेंट कर्नल अनुराग तिवारी ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का मंच नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को सशक्त बनाने वाला संगठन है। उन्होंने कैडेट्स के उत्साह, समर्पण और टीम भावना की सराहना करते हुए उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रबल किया, वहीं लोक नृत्यों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्ध परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता, राष्ट्रीय एकता और युवाओं की जिम्मेदारियों से जुड़े संदेश भी प्रभावी ढंग से दिए गए। प्रत्येक प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
पूरे परिसर में देशभक्ति, उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि एनसीसी कैडेट्स न केवल सैन्य प्रशिक्षण में दक्ष हैं, बल्कि सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी अपनी विशेष पहचान रखते हैं।
इस अवसर पर डिप्टी कैम्प कमांडेंट कर्नल रविंदर किंगरा, सूबेदार मेजर दिनेश कुमार, सूबेदार राम निशांत सिंह, सूबेदार विजय कुमार, लेफ्टिनेंट हरिश्चंद्र पटेल, लेफ्टिनेंट रवि प्रताप शुक्ला, लेफ्टिनेंट अमित कुमार, लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज कुमार सिंह, हेमंत कुमार, राजेश कुमार श्रीवास्तव, आर्यन सिंह एवं उमैर कुरेशी सहित सभी पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ एवं जीसीआई उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों ने कैडेट्स की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




0 Comments