शादी समारोह में फायरिंग से युवक की मौत : लाइसेंसी बंदूक के साथ आरोपी गिरफ्तार


बलिया। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर श्री मो. उस्मान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हत्या के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डबल बैरल 12 बोर गन भी बरामद की गई है।

घटना 1 मई 2026 की रात की है, जब शिवपुर दियर पाण्डेय डेरा में एक शादी समारोह के दौरान करीब 9 बजे आरोपी की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग हो गई। इस दौरान गोली लगने से वीर उर्फ पीयूष यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम छा गया।

मामले में थाना कोतवाली पर वादी की तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 160/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद 3 मई 2026 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शिवरामपुर संगम घाट क्षेत्र के बयासी चट्टी के पास से आरोपी सुनील यादव (41 वर्ष), निवासी केशवपुर थाना सिमरी जनपद बक्सर (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डबल बैरल 12 बोर बंदूक बरामद की गई, जिसका लाइसेंस भी आरोपी द्वारा प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।

इस कार्रवाई में प्रभारी उपनिरीक्षक रंजीत विश्वकर्मा, उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह समेत कोतवाली थाना की पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।



Post a Comment

0 Comments