पत्रकारिता दिवस पर रक्तदान महादान का संदेश, रेडक्रॉस व विश्वविद्यालय के संयुक्त शिविर में उमड़ा सेवा भाव


09 युवाओं ने किया रक्तदान, तीन जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया गया रक्त; प्रथम बार रक्तदान करने वालों का हुआ सम्मान

बलिया, 30 मई। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जिला अस्पताल स्थित रक्त बैंक में शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला अधिकारी एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष मंगला प्रसाद सिंह के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का आयोजन इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, बलिया तथा जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ रक्त बैंक प्रभारी डॉ. रितेश सोनी, डॉ. दीपक एवं डॉ. विनोद के करकमलों द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के कोषाध्यक्ष एवं जिला समन्वयक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया।


उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए रक्त बैंक प्रभारी डॉ. रितेश सोनी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि "रक्तदान महादान है, इससे बड़ा कोई दान नहीं हो सकता। एक यूनिट रक्त तीन लोगों के जीवन को बचाने में सहायक सिद्ध हो सकता है।" उन्होंने इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी और जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग की सराहना करते हुए सभी रक्तदाताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. विनोद कुमार ने भी रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले जनहितकारी कार्यक्रमों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति समाज को जागरूक करने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी रक्तवीर दानदाताओं को शुभकामनाएं दीं।


शिविर में कुल 09 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का परिचय दिया। इनमें आदित्य सिंह, प्रियांशु सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सागर प्रताप सिंह तथा रितेश सिंह ने पहली बार रक्तदान किया, जबकि प्रेरक गुप्ता ने 22वीं बार रक्तदान कर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

शिविर की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा तीन ऐसे जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया गया जिनके पास कोई रक्तदाता उपलब्ध नहीं था। लाभान्वित मरीजों में श्रीमती रुबी देवी पत्नी प्रदीप ठाकुर निवासी रेवती गायघाट, चंद्रसेन सिंह पुत्र स्वर्गीय शेषनाथ सिंह निवासी वार्ड संख्या-06, रेवती उत्तर टोला तथा राहुल कुमार पुत्र मुन्ना यादव निवासी रेवती भटवलिया शामिल हैं। ये मरीज जिला अस्पताल तथा महिला अस्पताल में उपचाररत हैं।

पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित यह शिविर केवल रक्तदान कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का सशक्त संदेश भी देता रहा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने रक्तदान को जीवनदान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाने की अपील की।

इस अवसर पर रविशंकर तिवारी, अनुपम सिंह, जी.के. दुबे, सभापति विजय शर्मा, अन्नपूर्णा नन्द तिवारी, अविनाश सिंह नन्दन, नितेश पाठक, कमलेश कुमार पांडेय, श्याम जी सिंह, कुसुम देवी, रीना देवी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments