उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग में बड़ा फेरबदल, 37 अधिकारियों के तबादले


16 जिला आबकारी अधिकारियों समेत 37 अफसरों का स्थानांतरण, दो महिला अधिकारियों को डिस्टिलरी की जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने आबकारी विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 37 सहायक आबकारी आयुक्तों एवं जिला आबकारी अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। उप आबकारी आयुक्त (कार्मिक एवं अधिष्ठान) कुमार प्रभात चंद्र द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

तबादला सूची में 16 जिला आबकारी अधिकारी भी शामिल हैं। सरकार की तबादला नीति के तहत किए गए इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण जिलों और प्रवर्तन इकाइयों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह ने बताया कि विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह स्थानांतरण किए गए हैं।

तबादला सूची के अनुसार धर्मेन्द्र वर्मा को सुल्तानपुर का जिला आबकारी अधिकारी बनाया गया है। प्रयागराज में तैनात सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन प्रथम सुनील कुमार तृतीय को मिर्जापुर स्थित ब्रजदेव आसवनी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सहायक आबकारी आयुक्त चतुर्थ सहारनपुर नीरज द्विवेदी को प्रयागराज भेजा गया है।

महिला अधिकारियों में अर्पणा द्विवेदी को सीतापुर से स्थानांतरित कर बाराबंकी डिस्टिलरी में तथा अर्चना पांडेय को बिजनौर से मुरादाबाद डिस्टिलरी में तैनात किया गया है। इसके अलावा ईआईबी मुख्यालय के वीरेश्वर सिंह को मेरठ डिस्टिलरी तथा अरविंद कुमार सोनकर को सहारनपुर प्रवर्तन-4 की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला आबकारी अधिकारियों के तबादलों में संभल के अनुपम राजन को कानपुर में सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन-1, भदोही के अरुण कुमार शुक्ला को सीतापुर, देवरिया के अनिल कुमार भारती को औरैया, हापुड़ के प्रकाश सिंह को श्रावस्ती तथा औरैया के सुरेन्द्र कुमार को ललितपुर का जिला आबकारी अधिकारी बनाया गया है।

इसी प्रकार चंदौली के सुभाष चन्द्र को इटावा, ललितपुर के विजय सिद्धांत को सिद्धार्थनगर, सिद्धार्थनगर के वीर अभिमन्यु कुमार को बहराइच, इटावा के विजय पाल सिंह को पीलीभीत, अयोध्या के सुरेन्द्र चंद्र मिश्रा को देवरिया तथा मुजफ्फरनगर के राकेश बहादुर सिंह को बिजनौर का जिला आबकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

मुख्यालय लाइसेंसिंग शाखा में तैनात अरविंद मौर्य को गोरखपुर का जिला आबकारी अधिकारी बनाया गया है, जबकि बहराइच के सुधांशु सिंह को मुख्यालय लाइसेंसिंग में भेजा गया है। गोरखपुर के जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र नाथ सिंह को टास्क फोर्स मुख्यालय में तैनाती दी गई है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद जल्द ही आबकारी निरीक्षकों की तबादला सूची भी जारी की जा सकती है। इस व्यापक फेरबदल को विभागीय कार्यकुशलता बढ़ाने और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



Post a Comment

0 Comments