पात्र परिवारों को मिलेगा पांच लाख तक का नि:शुल्क इलाज, गांव-गांव चलेगा विशेष अभियान
बलिया। जनपद में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 15 मई 2026 से 14 अगस्त 2026 तक विशेष आयुष्मान कार्ड अभियान चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पात्र लाभार्थी परिवारों के सभी सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करना है।
सीएमओ ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जिले में यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान जनपद के शेष 6 लाख 53 हजार 615 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनने से पात्र परिवारों को सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क उपचार उपलब्ध हो सकेगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं, ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करें और गांव-गांव जाकर पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विभाग द्वारा विशेष शिविरों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योजना की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनाए जाएंगे।

0 Comments