बलिया : मेडिकल बाईपास के लिए अतिक्रमण हटना शुरू, 10 से अधिक लोगों ने खुद हटाया कब्जा


*हैबतपुर, विजईपुर और बनकटा से होकर गुजरेगा मेडिकल बाईपास*

*12 मीटर चौड़ी होगी मेडिकल बाईपास सड़क, 7 मीटर बनेगी पिच रोड*

*34 करोड़ की लागत से बनेगा बलिया मेडिकल बाईपास*

बलिया। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने बुधवार को प्रस्तावित मेडिकल बाईपास रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान 2.41 किलोमीटर लंबी सड़क के संरेखण का पैदल चलकर वास्तविक धरातल पर मिलान किया गया। प्रस्तावित बाईपास ग्राम हैबतपुर, विजईपुर और बनकटा से होकर गुजरेगा। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि सड़क की कुल चौड़ाई 12 मीटर होगी, जिसमें 7 मीटर पिच रोड का निर्माण किया जाएगा। मौके पर लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) के अधिशासी अभियंता एवं राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही।

प्रशासन की कार्रवाई के बाद बाईपास मार्ग पर पूर्व में लगाए गए निशानों के आधार पर अतिक्रमण करने वाले लोगों ने स्वयं अवैध कब्जा हटाना शुरू कर दिया है। ललित कुमार, भीम गुप्ता, नितेश राय समेत 10 से अधिक लोगों ने अपना अतिक्रमण हटा लिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो लोग स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटाया जाएगा।

मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मेडिकल बाईपास का निर्माण कार्य गुरुवार से लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में शुरू कर दिया जाएगा, क्योंकि उस हिस्से में भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं है। वहीं विजईपुर स्थित कटहल नाला पर एक पुल का भी निर्माण कराया जाएगा। साथ ही माननीय परिवहन मंत्री के प्रयास से मेडिकल बाईपास परियोजना को शासन से स्वीकृति मिली है तथा टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। परियोजना की कुल लागत 34 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसमें लगभग 1.5 किलोमीटर भूमि के अधिग्रहण पर 7.54 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मेडिकल बाईपास बनने से शहर में यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी और लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी।



Post a Comment

0 Comments