वाराणसी, 14 अप्रैल 2026। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के क्रीड़ा स्थल पर आयोजित अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में रोमांच और उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी श्री बालेन्द्र पाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
दिन का पहला मुकाबला रेल सुरक्षा बल (RPF) और यांत्रिक विभाग के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेल सुरक्षा बल ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 154 रन बनाए। टीम की ओर से रामप्रवेश यादव ने शानदार 63 रन (45 गेंद, 5 चौके, 2 छक्के) बनाए, जबकि राजेश सिंह ने 32 रन और शेषनाथ ने 11 रन का योगदान दिया। यांत्रिक विभाग की ओर से विशाल सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि प्रशांत श्रीवास्तव ने 2 विकेट हासिल किए।
155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यांत्रिक विभाग की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 19 ओवर में 8 विकेट पर 157 रन बनाकर 2 विकेट से जीत दर्ज कर ली। टीम की ओर से सुजीत यादव ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 57 रन (8 छक्के) बनाए। इसके अलावा नीतीश (22 रन), विशाल (22 रन) और प्रशांत (16 रन) ने भी अहम योगदान दिया। रेल सुरक्षा बल की ओर से रामप्रवेश और सुमित ने 2-2 विकेट लिए। शानदार प्रदर्शन के लिए यांत्रिक विभाग के सुजीत यादव को “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार वरिष्ठ खिलाड़ी कलाम अली खान द्वारा प्रदान किया गया।
दिन का दूसरा मुकाबला कार्मिक विभाग और इंजीनियरिंग विभाग के बीच खेला गया, जिसमें बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंजीनियरिंग विभाग ने 20 ओवर में मात्र 2 विकेट के नुकसान पर विशाल स्कोर 266 रन खड़ा किया। टीम की ओर से विजय ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 98 रन (12 चौके, 6 छक्के) बनाए, जबकि ऋषभ ने 91 रन (56 गेंद, 16 चौके, 1 छक्का) की शानदार पारी खेली। अजीत (23 रन) और सुभाष (13 रन) ने भी योगदान दिया।
267 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कार्मिक विभाग की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया, लेकिन 20 ओवर में 4 विकेट पर 211 रन ही बना सकी और 56 रन से मुकाबला हार गई। कार्मिक विभाग की ओर से वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 104 रन (44 गेंद, 15 चौके, 5 छक्के) बनाए। इसके अलावा सुनील वर्मा (29 रन), प्रभाकर (24 रन) और विनोद मौर्य (13 रन) ने भी योगदान दिया। इंजीनियरिंग विभाग की ओर से अश्वनी कुमार और सुरेंद्र ने 2-2 विकेट लिए।
इंजीनियरिंग विभाग के विजय को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह द्वारा प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के जोश, खेल भावना और प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। यह प्रतियोगिता न केवल कर्मचारियों के बीच खेल भावना को बढ़ावा दे रही है, बल्कि आपसी समन्वय और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ा रही है।
उक्त जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार ने दी।



0 Comments