गोरखपुर में अंबेडकर जयंती पर भव्य समारोह, महाप्रबंधक ने युवाओं को दिए प्रेरणा के संदेश


गोरखपुर, 15 अप्रैल 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री वी.के. शुक्ल, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, अनुसूचित जाति एवं जनजाति एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आरंभ में पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति के कलाकारों द्वारा भजन प्रस्तुति दी गई।


अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर आधुनिक भारत के महानायक थे, जिन्होंने समाज के उत्थान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध, संत कबीर और महात्मा ज्योतिबा फुले उनके प्रमुख प्रेरणास्रोत थे। बाबा साहब ने ज्ञान, साहस और समानता का जो संदेश दिया, वह आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज में वास्तविक समानता स्थापित की जा सकती है।

प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री मनोज कुमार ने स्वागत संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर एक महान चिंतक, समाज सुधारक और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने अपने ज्ञान और दृढ़ संकल्प से समाज के वंचित वर्गों को सशक्त बनाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में बना भारतीय संविधान देश को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है।


समारोह में अनुसूचित जाति एवं जनजाति एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री बच्चू लाल एवं महामंत्री श्री रामप्रकाश ने भी बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन कला समिति की श्रीमती अंचला लाल ने किया, जबकि वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) श्री गोपाल प्रसाद गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उक्त जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर द्वारा दी गई।



Post a Comment

0 Comments