गोरखपुर, 02 अप्रैल, 2026। पूर्वोत्तर रेलवे में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए श्री सुमित कुमार ने 02 अप्रैल 2026 को मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी (सीपीआरओ) का पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले वे पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय में उप मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक/एफ.एम. के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
उल्लेखनीय है कि निवर्तमान मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री पंकज कुमार सिंह को अब पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) के पद पर नियुक्त किया गया है।
श्री सुमित कुमार का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव अत्यंत समृद्ध रहा है। उन्होंने वर्ष 2007 में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर से एम.एस.सी. की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद वर्ष 2010 बैच के भारतीय रेल यातायात सेवा (आईआरटीएस) अधिकारी के रूप में रेल सेवा में प्रवेश किया।
रेलवे सेवा के दौरान उनकी पहली नियुक्ति पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार मंडल में सहायक परिचालन प्रबन्धक के रूप में हुई। इसके पश्चात उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी एवं लखनऊ मंडल में मंडल परिचालन प्रबन्धक तथा गोरखपुर मुख्यालय में उप मुख्य परिचालन प्रबन्धक/माल के रूप में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
श्री सुमित कुमार को रेल प्रशासन एवं प्रबंधन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। साथ ही उन्हें साहित्य में विशेष रुचि है। अपने सहज व्यवहार और कार्यकुशलता के कारण वे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच समान रूप से लोकप्रिय माने जाते हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने पर उनसे जनसम्पर्क कार्यों में और अधिक प्रभावशीलता एवं पारदर्शिता की अपेक्षा की जा रही है।


0 Comments