पूर्वोत्तर रेलवे में सम्मान समारोह: पंकज कुमार सिंह को विदाई, नए दायित्व के लिए दी गई शुभकामनाएं


गोरखपुर, 02 अप्रैल, 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने गुरुवार को महाप्रबंधक बैठक कक्ष में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में निवर्तमान मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह को प्रबंध विभाग की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

ज्ञातव्य है कि श्री पंकज कुमार सिंह का स्थानांतरण लखनऊ मंडल में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) के पद पर किया गया है।

इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने कहा कि समय के साथ रेलवे में मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी की भूमिका काफी विकसित और चुनौतीपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि जनसम्पर्क के क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों को निरंतर अपनी कार्यकुशलता और व्यावसायिकता को विकसित करना पड़ता है। श्री सिंह ने अपने कार्यकाल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हर परिस्थिति में बेहतर कार्य किया और रेलवे के सभी कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया।

उन्होंने श्री सिंह के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनमें सौम्यता और गंभीरता का अद्भुत संतुलन है तथा उनकी संवाद शैली अत्यंत प्रभावी है। साथ ही उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर की कई खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया।

निवर्तमान सीपीआरओ श्री पंकज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में जनसम्पर्क विभाग की सोशल मीडिया टीम की सराहना करते हुए बताया कि फेसबुक पर 2.10 लाख तथा एक्स (ट्विटर) पर 1.6 लाख फॉलोअर्स होना विभाग की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जनसम्पर्क के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए निरंतर प्रयास किए गए और इसमें सभी अधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इसके लिए उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन सचिव/महाप्रबंधक आनन्द ऋषि श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान उप महाप्रबंधक/सामान्य शुभम वर्मा तथा सलाहकार/जनसम्पर्क चन्द्र प्रकाश चौहान ने भी श्री पंकज कुमार सिंह के कार्यों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उनकी सराहना की।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



Post a Comment

0 Comments