बलिया। जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत बुधवार को विकास खंड दुबहड़ के कंपोजिट विद्यालय, सरया में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन के निर्देश पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट निकिता सिंह ने छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
उन्होंने बालिकाओं को व्यक्तिगत सुरक्षा, गुड टच और बैड टच की पहचान, साइबर सुरक्षा के उपाय तथा महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181 और 112 के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का तुरंत उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान अंजू सिंह, विद्यालय के शिक्षकगण और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। साथ ही छात्राओं एवं उपस्थित प्रतिभागियों को मिशन शक्ति के उद्देश्यों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया गया।


0 Comments