बलिया : पत्नी और सास की हत्या कर फरार आरोपी की तलाश तेज, तीन टीमें लगीं


बलिया। जिले के नगरा थाना क्षेत्र में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 25/26 अप्रैल 2026 की मध्य रात्रि नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में चाकूबाजी की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

जांच में सामने आया कि आरोपी अमित कुमार गुप्ता, जो मूल रूप से सिंहाचौर (थाना गड़वार) का निवासी है और जिसकी ससुराल बछईपुर में है, रात में ससुराल पहुंचा था। किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद के बाद उसने पहले अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। जब उसकी सास सुशीला देवी और ससुर बीच-बचाव के लिए आए, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।

इस घटना में आरोपी की पत्नी और सास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ससुर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मौके पर स्वाट टीम, सर्विलांस टीम, फील्ड यूनिट और क्षेत्राधिकारी रसड़ा मौजूद हैं। पुलिस जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।


इस संबंध में पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह की वीडियो बाइट :-




Post a Comment

0 Comments