बलिया पुलिस लाइन में दीक्षांत परेड : 343 रिक्रूट आरक्षियों ने दिखाई दमदार तैयारी, डीएम ने दिलाई शपथ


बलिया। जनपद के रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में शनिवार, 26 अप्रैल 2026 को रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26 का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। नौ माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद 10 टोलियों में शामिल कुल 343 रिक्रूट आरक्षियों ने अनुशासन, समर्पण और शानदार तालमेल का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक परेड पेश की।


समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने परेड की सलामी ली और टोलियों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:25 बजे परेड कमांडर द्वारा टोलियों को परेड स्थल पर लाने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के आगमन पर उन्हें विधिवत सम्मान दिया गया।


इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक तकनीकों से लैस, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त रहने का संदेश दिया। रिक्रूट आरक्षियों ने उनके विचारों को गंभीरता से सुना।


अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि रिक्रूट्स ने शारीरिक दक्षता, कानून व्यवस्था, हथियार संचालन और अनुशासन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में नवआरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट्स को सम्मानित भी किया गया। विवेक द्विवेदी को सर्वांग सर्वोत्तम घोषित किया गया, जबकि विशाल यादव, मो0 इसराफिल मंसूरी और नित्य प्रकाश ने क्रमशः परेड कमांडर-I, II और III का गौरव हासिल किया। वहीं अंकुर दूबे को इनडोर परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के अंतिम चरण में जिलाधिकारी ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही टोलियों ने अनुशासित ढंग से परेड ग्राउंड से प्रस्थान किया। अंत में पुलिस अधीक्षक ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया।



समारोह के सफल आयोजन में क्षेत्राधिकारी लाइन्स अक्षय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, रिक्रूट आरक्षियों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बने।



Post a Comment

0 Comments