बलिया : छात्राओं में निखरेगी अभिनय प्रतिभा, गुलाब देवी महाविद्यालय व संकल्प संस्था के बीच हुआ एमओयू


बलिया, 30 अप्रैल। बच्चों के व्यक्तित्व विकास एवं रंगमंच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संकल्प साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था बलिया तथा गुलाब देवी महिला महाविद्यालय, बलिया के बीच गुरुवार को महाविद्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में अभिनय कौशल विकसित करना तथा उन्हें सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना है।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर निवेदिता श्रीवास्तव ने कहा कि रंगमंच एक प्रभावी माध्यम है, जो छात्राओं के व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ उनके अंदर छिपी प्रतिभा को सामने लाने में सहायक होता है। उन्होंने बताया कि संकल्प संस्था के साथ हुए इस समझौते के तहत भविष्य में नाट्य कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे महाविद्यालय में सांस्कृतिक वातावरण को और सशक्त बनाया जा सके।

संकल्प संस्था के सचिव एवं वरिष्ठ रंगकर्मी आशीष त्रिवेदी ने कहा कि यह समझौता रंगमंच के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से महाविद्यालय की छात्राएं रंगमंच से जुड़ेंगी और अपनी प्रतिभा को नए आयाम दे सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि समय-समय पर कार्यशालाओं के आयोजन से छात्राओं को मंचीय अनुभव प्रदान किया जाएगा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में थिएटर की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति में कला, संस्कृति और रंगमंच को विशेष महत्व दिया गया है, जिससे छात्रों के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।

इस अवसर पर प्रोफेसर प्रिया सिंह, डॉ. प्रतिभा सिंह, डॉ. शिवांगी मिश्रा, श्रीमती अंजु गोयल, डॉ. अखिलेश शुक्ल, डॉ. सुशील श्रीवास्तव, लेखाकार हरे कृष्ण सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments