बलिया : मां कपिलेश्वरी धाम में हनुमान जयंती पर भव्य महाआयोजन, सुंदरकांड पाठ, विशाल भंडारा और भजन संध्या से गूंजेगा पूरा क्षेत्र


बलिया: जनपद बलिया के नेशनल हाईवे स्थित प्रसिद्ध आदि शक्ति मां कपिलेश्वरी भवानी मंदिर परिसर में हनुमान जयंती के पावन अवसर पर इस वर्ष भी भव्य एवं दिव्य आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हर वर्ष की भांति इस बार भी आयोजन को विशेष रूप से भव्य स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक और भक्तिमय वातावरण देखने को मिलेगा।

इस धार्मिक महोत्सव का आयोजन युवा समाजसेवी विद्यासागर ओझा ‘छोटू’ के नेतृत्व एवं निर्देशन में किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

आयोजन की शुरुआत सुबह सुंदरकांड के सामूहिक पाठ से होगी, जिसमें स्थानीय गांवों के सैकड़ों श्रद्धालु भाग लेंगे। भगवान श्रीराम के परम भक्त बजरंग बली की महिमा का गुणगान करते हुए पूरे मंदिर परिसर में भक्तिरस की धारा बहेगी। सुंदरकांड पाठ के उपरांत विधिवत पूजा-अर्चना एवं भव्य आरती संपन्न कराई जाएगी।

इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा तथा विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। आयोजकों द्वारा भंडारे में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

शाम होते ही मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जो इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा। इस दौरान क्षेत्र के प्रसिद्ध लोकगायक गोपाल राय, सनी पांडेय, विशाल गगन, सधुवा, हरेंद्र सिंह सहित कई जाने-माने कलाकार अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। भक्ति गीतों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।

आयोजन में मां कपिलेश्वरी भवानी मंदिर से जुड़े आसपास के दर्जनों गांवों के गणमान्य नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों को आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने सभी क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

हनुमान जयंती के इस भव्य आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु बेसब्री से इस दिव्य कार्यक्रम का इंतजार कर रहे हैं। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का भी संदेश देगा।



Post a Comment

0 Comments