वाराणसी मंडल में 13 कर्मचारियों का सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्ति समारोह, उसी दिन 8 पदों पर पदोन्नति देकर रचा उदाहरण


वाराणसी, 01 अप्रैल 2026: पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले 13 कर्मचारियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित प्रेमचंद सभागार में किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके समापक देयकों का भुगतान करते हुए सम्मानित किया गया, वहीं रिक्त हुए 8 पदों पर पात्र कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति देकर एक सराहनीय पहल प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिनव कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समारोह में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री राजेश कुमार, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राम सिंह सहित लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबी, समर्पित और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे परिवार उनके योगदान को सदैव याद रखेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो मंडल कार्यालय उनके सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें परिवार एवं समाज के लिए समय समर्पित करने की सलाह दी।

कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि सेवानिवृत्ति के दिन ही रिक्त हुए 8 पदों पर वरिष्ठता के आधार पर पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति पत्र प्रदान किए गए। इनमें प्रमुख रूप से राकेश भाटिया, बाजीलाल, निक्कु कुमार पांडेय, ए.के. श्रीवास्तव, मो. शेख असगर, रामध्यान यादव, शंभू कुमार एवं सूरज कुमार मांझी को पदोन्नत किया गया।


इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवा मेडल, पीपीओ, मेडिकल कार्ड प्रदान कर माला पहनाकर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिनव कुमार सिंह ने भी सभी कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उन्हें सेवानिवृत्ति उपरांत मिलने वाली सुविधाओं, दस्तावेजों एवं उनके उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी प्राप्त धनराशि का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह भी दी।

सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में अनिल कुमार श्रीवास्तव, महेश दत्त त्रिपाठी, कैलाश यादव, उपेंद्र कुमार, अशोक कुमार श्रीवास्तव, विक्रम सिंह यादव, अमरनाथ पासवान, रामनाथ गोंड, अभिमन्यु यादव, अनिल कुमार सिंह, ओम प्रकाश, इम्तियाज अहमद एवं घनश्याम सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल रहे।


कार्यक्रम भावुक माहौल में संपन्न हुआ, जहां एक ओर कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई, वहीं दूसरी ओर पदोन्नति प्राप्त करने वाले कर्मचारियों के चेहरे पर नई जिम्मेदारियों का उत्साह साफ झलक रहा था। उक्त जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने दी।



Post a Comment

0 Comments