गुजरात के पेंशनर्स को बड़ी राहत : घर बैठे बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, 5 लाख से अधिक लाभान्वित


अहमदाबाद/नई दिल्ली, 30 अप्रैल 2026। गुजरात सरकार और India Post Payments Bank के बीच हुए समझौते (एमओयू) से राज्य के पेंशनधारकों को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। इस पहल के तहत अब पेंशनर्स को जीवन प्रमाण पत्र (हयाती) सत्यापन के लिए बैंक, ट्रेजरी या किसी कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे, बल्कि यह सेवा उन्हें घर बैठे निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव और गुजरात सरकार के वित्त सचिव संदीप कुमार की उपस्थिति में हुए इस समझौते के तहत 1 मई से 31 जुलाई 2026 तक पोस्टमैन और ग्रामीण डाक सेवकों के माध्यम से पेंशनर्स के घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। इस योजना से राज्य के 5 लाख से अधिक पेंशनधारकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

एमओयू पर आईपीपीबी की ओर से असिस्टेंट जनरल मैनेजर रणवीर सिंह तथा गुजरात सरकार की ओर से वित्त विभाग के निदेशक अमित मीना ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर आईपीपीबी के अधिकारी अभिजीत जिभकाटे और संतोष कुमार भी मौजूद रहे।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य फेस ऑथेंटिकेशन और फिंगरप्रिंट बायोमेट्रिक तकनीक के जरिए पेंशनर्स को त्वरित और आसान सेवा उपलब्ध कराना है। डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से कुछ ही मिनटों में जीवन प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाएगा, जिसकी कॉपी स्वतः संबंधित पेंशन कार्यालय में पहुंच जाएगी। यह सेवा Jeevan Pramaan एप के माध्यम से दी जा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष गुजरात में 93 हजार से अधिक पेंशनर्स ने आईपीपीबी के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र का लाभ लिया, जिनमें 62 हजार से अधिक ने घर बैठे यह सुविधा प्राप्त की थी।

इस सुविधा के लिए पेंशनर को केवल आधार नंबर, मोबाइल नंबर और पीपीओ नंबर उपलब्ध कराना होगा। प्रमाण पत्र बनने के बाद संबंधित आईडी एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होगी, जिसे ऑनलाइन डाउनलोड भी किया जा सकेगा।

गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2018 में आईपीपीबी की शुरुआत ‘बैंकिंग सेवाएं आपके द्वार’ के विजन के साथ की गई थी, जिसे अब इस पहल के जरिए और मजबूत किया जा रहा है।

यह सेवा न केवल गुजरात बल्कि अन्य राज्यों में रहने वाले गुजरात के पेंशनभोगियों के लिए भी उपलब्ध होगी। साथ ही पेंशनर पोस्टमैन के माध्यम से आधार सक्षम भुगतान प्रणाली का उपयोग कर घर बैठे ही अपनी पेंशन राशि भी निकाल सकेंगे, जिससे यह व्यवस्था और अधिक सुविधाजनक बन गई है।



Post a Comment

0 Comments