बलिया : नारी शक्ति वंदन अधिनियम एवं मिशन शक्ति 5.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित


बलिया, 18 अप्रैल 2026। जनपद में महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम एवं मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्सायन के निर्देशन में संपन्न हुआ।


कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री उदय कुमार सिंह ने की। इस दौरान महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन समन्वयक अंजलि सिंह ने छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर—1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) एवं 181 (महिला हेल्पलाइन) की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न कानूनों और सुरक्षा उपायों के बारे में भी सरल भाषा में समझाया, जिससे विद्यार्थियों में जागरूकता और आत्मविश्वास का संचार हुआ।


कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 16 छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रमाण पत्र एवं कप देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह और मनोबल बढ़ा। साथ ही मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री उदय कुमार सिंह को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर अंजलि सिंह, चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर सूरज सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने नारी सशक्तिकरण के संदेश को मजबूत करते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का सफल प्रयास किया।



Post a Comment

0 Comments