बलिया : जिले में 04 मई से शुरू होंगी पॉलिटेक्निक सेमेस्टर परीक्षाएं, 06 जून तक होगी परीक्षाएं


बलिया। प्राविधिक शिक्षा परिषद से सम्बद्ध तकनीकी शिक्षण संस्थानों की सेमेस्टर परीक्षाएं जनपद में 04 मई से प्रारंभ होकर 06 जून तक आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 09 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 02 बजे से शाम 05 बजे तक संचालित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जनपद में कुल पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में राजकीय महिला पॉलिटेक्निक बलिया, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज जिगिरिसड़, टाउन पॉलिटेक्निक कॉलेज बलिया, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बांसडीह एवं जननायक स्वर्गीय बाबू मैनेजर सिंह राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बैरिया शामिल हैं। जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments