गांवों को मिलेगी नई रफ्तार : ग्राम परिवहन योजना 2026 लागू



हर ग्राम पंचायत तक पहुंचेगी परिवहन सेवा, ब्लॉक से जिला मुख्यालय तक आसान होगी यात्रा

बलिया, 24 मार्च। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना 2026 को जनपद बलिया में लागू किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को एक नई दिशा और मजबूती मिलने जा रही है। इस योजना के जरिए गांवों को ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय से जोड़ते हुए आमजन को सुरक्षित, सुलभ और नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इस संबंध में एआरटीओ बलिया अरुण कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करना है, ताकि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक आसानी से पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक भी परिवहन सुविधा पहुंचे और कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से अछूता न रहे।

योजना के तहत 15 से 28 सीट क्षमता वाले डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन किया जाएगा। इन वाहनों के संचालन की प्रारंभिक अवधि 10 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसे आवश्यकतानुसार आगे 5 वर्षों तक बढ़ाया जा सकता है। खास बात यह है कि इन वाहनों को मोटर यान अधिनियम 1988 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत परमिट की अनिवार्यता से छूट प्रदान की गई है, जिससे संचालन प्रक्रिया सरल और सहज बनेगी।

आवेदन प्रक्रिया के अंतर्गत इच्छुक अभ्यर्थियों को 2000 रुपये आवेदन शुल्क के साथ प्रति वाहन 5000 रुपये की प्रतिभूति राशि जमा करनी होगी, जो संयोजन अवधि पूर्ण होने पर वापस कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, वाहन स्वामी को प्रति माह 1500 रुपये का संरक्षण शुल्क परिवहन निगम को देना होगा।

योजना के अंतर्गत प्रत्येक वाहन को ग्राम पंचायत से ब्लॉक तक निर्धारित रूट पर संचालित किया जाएगा, जिससे मार्ग में आने वाले सभी गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। आगे चलकर इस सेवा का विस्तार तहसील एवं जिला मुख्यालय तक भी किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक में न्यूनतम दो वाहनों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा हर ग्राम पंचायत को प्रतिदिन कम से कम दो बार परिवहन सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

आवेदन पत्र सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में जमा किए जाएंगे, जबकि चयन प्रक्रिया जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा की जाएगी। इस समिति में मुख्य विकास अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सदस्य के रूप में शामिल होंगे।

यह योजना निश्चित रूप से बलिया के ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी और विकास के पहिए को नई गति प्रदान करेगी।



Post a Comment

0 Comments