बलिया : 157 स्कूली वाहनों पर लगी रोक, बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त



बलिया। जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। परिवहन अधिकारी अरुण कुमार राय ने जानकारी दी कि जिले में संचालित 157 स्कूली वाहनों की फिटनेस, वैधता एवं आवश्यक दस्तावेज समाप्त हो चुके हैं, जिससे ये वाहन बच्चों के परिवहन के लिए असुरक्षित पाए गए हैं।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि ऐसे वाहनों से अपने बच्चों को स्कूल न भेजें और किसी भी वाहन का चयन करने से पहले उसकी भौतिक एवं तकनीकी स्थिति की पूरी जांच अवश्य करें। विशेष रूप से वाहन की फर्श की मजबूती, खिड़कियों पर जाली या रॉड की उचित व्यवस्था जैसी सुरक्षा मानकों पर ध्यान देने को कहा गया है।

परिवहन विभाग ने यह भी सलाह दी है कि अभिभावक mParivahan ऐप के माध्यम से वाहन के दस्तावेजों की वैधता की जांच जरूर करें। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करें कि वाहन चालक नाबालिग न हो, नशे की हालत में वाहन न चला रहा हो, तेज गति से ड्राइविंग न कर रहा हो और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस हो।

विभाग ने सूची में शामिल सभी वाहनों के स्वामियों, विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि जब तक वाहनों की फिटनेस, तकनीकी स्थिति और दस्तावेज पूरी तरह सही नहीं हो जाते, तब तक इनका उपयोग बच्चों के परिवहन में न किया जाए।

चेतावनी देते हुए परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि प्रतिबंधित वाहनों से बच्चों का परिवहन किया जाता है और कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन की होगी। ऐसे मामलों में न केवल आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा, बल्कि विद्यालय की मान्यता रद्द करने की संस्तुति भी की जाएगी।

👉 प्रशासन के इस कदम को बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



Post a Comment

0 Comments