*सरकारी योजनाओं की जानकारी से ही मिलेंगे अधिकार : जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार झा*
*दुर्घटना पीड़ितों की मदद पर 25 हजार का पुरस्कार, जिलाधिकारी ने दी ‘रहबीर योजना’ की जानकारी*
*केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं को लेकर लगा बृहद सेवा शिविर*
बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में रविवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अनिल कुमार झा ने फीता काटकर एवं दीप प्रवज्वलित कर मॉ सरस्वती के चित्र पर मल्यार्पण करके किया गया। इसके उपरान्त बाबा रामदल राजेन्द्र सिंह लॉ-कालेज की छात्रा कुमारी स्नेहा शर्मा ने सरस्वती वन्दना व कुमारी सीमा भारती द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया, जिनमें केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही थी। जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जागरूकता ही अधिकारों की प्राप्ति की कुंजी है। जब तक लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी नहीं होगी, तब तक वे अपने अधिकारों के लिए मांग नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी विभागों की योजनाओं की जानकारी लेकर लोग स्वयं को सशक्त बना सकते हैं और समय सीमा के भीतर संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल जनपद बलिया के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक हैं। इनका उद्देश्य भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मौतों को देखते हुए सरकार ने ‘रहबीर योजना’ लागू की है, जिसके तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। इसके अतिरिक्त, चिकित्सा विभाग की जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने वाली गरीब महिलाओं को जच्चा-बच्चा की सुरक्षा हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। वहीं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत 45 दिनों के भीतर आवेदन करने पर 5 लाख रुपये तक का बीमा लाभ दिया जाता है। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा किसी भी दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दें।
*मेगा विधिक सहायता शिविर में लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र व चेक*
*मेगा सेवा शिविर में 27 से अधिक विभागों ने लगाए स्टॉल*
जनपद में आयोजित मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा राज्य सरकार की संचालित कल्याणकारी योजनाओं के चिन्हित लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में राजस्व, श्रम, पंचायती राज, जिला विकास, पुलिस, स्वास्थ्य, कृषि, विद्युत, समाज कल्याण, जिला प्रोवेशन, नगर पालिका परिषद, कौशल विकास, युवा कल्याण, आईटीआई, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, शिक्षा, पशुपालन, महिला एवं बाल कल्याण, खाद्य सुरक्षा एवं रसद, परिवहन, वन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, आवास एवं नगर विकास, बैंक सहायता ऋण योजना, सूचना विभाग, जनशक्ति विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए।
शिविर में जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार उत्पीड़न के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान श्री हीरालाल, श्री अशोक कुमार गौतम, श्री मनोज कुमार एवं श्रीमती सुशीला देवी को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वहीं श्रम विभाग, बलिया द्वारा शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। योजना के अंतर्गत सीताराम राजभर, अजय कुमार, मुन्नाराम, ऋषिकेश पांडेय, श्रीमती रीता देवी, श्रीमती राधिका देवी, श्रीमती देवती देवी एवं श्रीमती रामवती देवी को सहायता राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त महिला कल्याण विभाग, बलिया द्वारा श्वेता दुबे एवं ज्योति कुमारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार, सीएमओ डॉक्टर विजय यादव, अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम श्री पुनीत कुमार गुप्ता, श्री संजीव कुमार तिवारी, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण बलिया, अपर जनपद न्यायाधीश श्री पुनीत कुमार गुप्ता, श्रीमती सरला दत्ता अपर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, बलिया, अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम कान्त, श्री प्रमोद कुमार गंगवार, श्री रामकृपाल, श्री ज्ञान प्रकाश तिवारी, श्री हरीश कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया सचिव श्री संजय कुमार गोंड, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री शैलेश पाण्डेय, सिविल जज (सी0डि0) सुश्री गार्गी शर्मा, श्री अमरेन्द्र पोत्सायन जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं अन्य न्यायिक अधिकारीगण सहित विभिन्न विभाग के अधिकारीगण, कर्मचारीगण, सुरक्षाकर्मी, मीडियाकर्मी व आम जनमानस उपस्थित रहे।






0 Comments