समपारों की सुरक्षा में नई तकनीक की पहल : दीदारगंज रोड पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे


गोरखपुर, 11 जनवरी, 2026। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा रेल संरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आधुनिक तकनीकों का समावेश लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में व्यस्त समपारों पर निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने हेतु सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जा रहे हैं।

वाराणसी मंडल के दीदारगंज रोड–शाहगंज खंड पर स्थित दीदारगंज रोड स्टेशन के समीप मानवित समपार संख्या 67 ‘सी’ पर गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग के लिए दो सी.सी.टी.वी. कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों की फीड ओ.एफ.सी. मीडिया के माध्यम से सीधे दीदारगंज रोड स्टेशन तक पहुंचाई जा रही है, जहां समपार पर होने वाली प्रत्येक गतिविधि की रिकॉर्डिंग की जा रही है।

रेलवे प्रशासन द्वारा समपारों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत जन-जागरूकता अभियानों के साथ-साथ अधिक यातायात वाले समपारों पर सी.सी.टी.वी. कैमरों की स्थापना को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही स्टेशन से जुड़े फोन सिस्टम को अपग्रेड किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सूचना मिल सके।

मानवीय त्रुटियों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कर्मचारियों को नियमित अंतराल पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा पर्यवेक्षकों द्वारा संरक्षा कर्मचारियों की काउंसलिंग भी की जा रही है। इसके अतिरिक्त समपारों पर लगे उपकरणों का समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है और पुराने उपकरणों को बदलने के लिए आवश्यक स्पेयर पार्ट्स सदैव उपलब्ध रखे जा रहे हैं।

उक्त जानकारी पंकज कुमार सिंह, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी एवं सम्पादक/ब्यूरो प्रमुख, गोरखपुर द्वारा दी गई।



Post a Comment

0 Comments