बलिया। भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘फेफना खेल महोत्सव’ के क्लस्टर-6 का आयोजन गुरुवार को पियरिया खेल मैदान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया।
अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का मजबूत आधार है।
एथलेटिक्स स्पर्धा में जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में ऊषा राजभर ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि नंदिनी राजभर ने रजत तथा सोनी ने कांस्य पदक हासिल किया।
जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में विक्की राजभर ने स्वर्ण पदक पर कब्जा किया, वहीं प्रिंस गोंड ने रजत और अजय शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया।
200 मीटर दौड़ में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जूनियर बालिका वर्ग में शिवानी ने स्वर्ण, मधु ने रजत और प्रियांशु ने कांस्य पदक जीता। वहीं बालक वर्ग में सुजीत ने स्वर्ण, किशन ने रजत और आनंद ने कांस्य पर कब्जा किया।
कबड्डी मुकाबलों में रोमांच चरम पर रहा, जिसमें जूनियर बालक वर्ग के फाइनल में सिंहाचवर खुर्द की टीम ने बहादुरपुर को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
निर्णायक के रूप में विनय राय, मोहम्मद तारिक, शिवदयाल यादव, राहुल राय आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में हरेंद्र सिंह, टुनटुन उपाध्याय, मोतीचंद गुप्ता, भरत राय, सच्चिदानंद सिंह, उमेश सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।


0 Comments