चौधरी जयंत सिंह के पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर रालोद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर


संवाददाता परमजीत कौर अयोध्या धाम 

अयोध्या। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर चौधरी जयंत सिंह के पुनः चयन पर रालोद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। मथुरा के कोसी कलां में 16 नवंबर को हुए राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्हें सर्वसम्मति से तीन वर्ष के लिए फिर से अध्यक्ष चुना गया। इसी उपलक्ष्य में रालोद अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौधरी रामसिंह पटेल तथा युवा जिलाध्यक्ष अनिल वर्मा ने दिल्ली स्थित 25 तुगलक रोड आवास पर पहुंचकर जयंत सिंह को शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। अयोध्या सहित पूर्वांचल से सैकड़ों प्रतिनिधियों ने अधिवेशन में हिस्सा लिया।

अधिवेशन की प्रमुख बातें :

तीन साल के लिए अध्यक्ष : जयंत सिंह ने कहा कि उन्हें पुनः तीन वर्ष के लिए अध्यक्ष चुना जाना पार्टी के प्रति कार्यकर्ताओं की आस्था का प्रतीक है।

एनडीए के साथ मजबूती : उन्होंने कहा कि रालोद पूरी मजबूती के साथ एनडीए के साथ खड़ा है और प्रधानमंत्री द्वारा दी गई जिम्मेदारियों को वे निभाएंगे।

विपक्ष पर कटाक्ष : विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “विपक्ष के पास न नेता है, न नीति, सिर्फ परिवार बचा है।”

पार्टी की नीति : उन्होंने कार्यकर्ताओं को चौधरी चरण सिंह की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा गांव, किसान और गरीब की आवाज उठाने का संकल्प दोहराया।

महिलाओं को बढ़ावा : महिलाओं को नेतृत्व में आगे लाने की जरूरत बताते हुए कहा कि शीघ्र ही महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिलेगा।

पार्टी का विस्तार : उन्होंने संगठन के विस्तार पर भी जोर दिया।

छाता चीनी मिल : लंबे समय से बंद पड़ी छाता चीनी मिल को हर हाल में चालू कराने की बात कही। साथ ही बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा गन्ने का भाव 400 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने से किसानों को राहत मिलेगी।

चौधरी चरण सिंह की जयंती पर विशेष आयोजन :

भारत रत्न, किसान मसीहा और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती देशभर में धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर रालोद की ओर से सवा करोड़ वृक्ष लगाने का संकल्प लिया गया है।



Post a Comment

0 Comments